Skip to main content

SHRI MADBHAGWAD GEETA SECOND CHAPTER SHLOKA 4

गीता द्वितीय अध्याय श्लोक 4
-----------------------------------------

अर्जुन उवाच
 कथं भीष्ममहं सङ्‍ख्ये द्रोणं च मधुसूदन।
 इषुभिः प्रतियोत्स्यामि पूजार्हावरिसूदन॥

अर्जुन बोले- हे मधुसूदन! मैं रणभूमि में किस प्रकार बाणों से भीष्म पितामह और द्रोणाचार्य के विरुद्ध लड़ूँगा? क्योंकि हे अरिसूदन! वे दोनों ही पूजनीय हैं
 ॥4॥
     श्रीकृष्ण ने जब अर्जुन को समझाना चाहा है तो अर्जुन पुनः प्रतिवाद करता है और वह स्पष्ट कहता है कि चूँकि भीष्म और द्रोण उसके लिए पूजनीय हैं सो वह उनसे युद्ध नहीं कर सकता है। श्रीकृष्ण को वह मधुसूदन और अरिसूदन नामों से सम्बोधित करता है जिसका अर्थ होता है शत्रुओं का नाश करने वाला। उसका तर्क है कि  आप तो शत्रुहन्ता हैं , शत्रुओं को मारने वाले हैं लेकिन भीष्म मेरे पितामह और द्रोण गुरु हैं मेरे जो मेरे लिए पूजनीय हैं तो भला मैं उनसे कैसे युद्ध कर सकता हूँ। अर्जुन कोई नई बात नहीं कह रहा है, बस अपने पुराने तर्कों को दुहरा रहा है। श्रीकृष्ण के समझाने का स्पष्ट रूप से उसपर कोई असर नहीं हुआ है। जब हम सामने वाले को अपने ही स्तर का समझदार समझते हैं तो उसकी सलाह भी नहीं मानते। अगर वो कुछ कहता भी है तो उसकी समझ को ही चुनौती दे डालते हैं। जब तक आप अपने सलाहकार की बुद्धि पर भरोसा नहीं करते उसके सुझाव को नहीं मान सकते। तभी तो श्रीकृष्ण के कठोर वचनों को भी अर्जुन गम्भीरता से नहीं लेकर अपने पुराने तर्क ही प्रस्तुत कर देता है। 
     हमारा मन उसी को सत्य मानता है जो हम बचपन से देखते सुनते समझते आये हैं। जो नीति अनीति सीखे हैं उससे बाहर की बात सुनना हमें मंजूर नहीं होता भले समझाने वाला कितना भी ज्ञानी क्यों न हो।
      बड़ों का और गुरु का सम्मान कँही से भी गलत नहीं सो एक दफा तो लगता है कि अर्जुन ठीक ही कह रहा है कि वह भला पितामह और गुरु से कैसे लड़े।  लेकिन ध्यान देने की बात है कि पितामह और गुरु एक पद हैं जो किसी व्यक्ति के द्वारा किसी समय विशेष में धारित किये जाते हैं। अगर किसी अन्य समय या परिस्थिति में वही व्यक्ति किसी अन्य भूमिका में हो तो क्या वह इस पद के सम्मान का अधिकारी है?  और हमारा खुद का पद अथवा स्थिति यानी स्टेटस उस समय विशेष या परिस्थिति विशेष में क्या पहले वाला ही है? वंश परम्परा में भीष्म अर्जुन के पितामह तो हैं, गुरु शिष्य परम्परा में द्रोण उसके गुरु भी हैं लेकिन जब भीष-द्रोण एक पक्ष ले कर एक सेना के साथ आ गए और अर्जुन एक अन्य पक्ष लेकर दूसरी सेना में आ गया और दोनों पक्षों के उद्देश्य, मान मर्यादा भिन्न हो गए तो क्या पुराने सम्बन्धों के अनुसार ही वर्तमान सत्य का निर्धारण हो पाना सम्भव है?  हर परिस्थिति में हमारी भूमिका बदल जाती है। भीष्म और द्रोण अधर्म, असत्य, अनाचार, अन्याय का पक्ष ले चुके हैं। उन्होंने अपनी भूमिका तय कर ली है कि वे दुर्योधन के अनाचार के समर्थन में पांडवों के सत्य, न्याय के आग्रह का विरोध करेंगे ही तो क्या सत्य और न्याय के पक्ष में खड़े अर्जुन को इस बात की आजादी हो सकती है कि वह अपने सत्य और न्याय के आग्रह को छोड़कर भीष्म और द्रोण की पूजा सिर्फ इसलिए करे कि वे पितामह हैं, वे गुरु हैं?  इतनी समझ अर्जुन को क्यों नहीं आ रही है?
   जीवन में यही असमंजस हमें परिस्थिति के सत्य से विचलित कर देती है। और हम नहीं जानते हुए भी गलत के साथ खड़े हो जाते हैं। भ्रम से उपजे ज्ञान में अहंकार की मात्रा सबसे अधिक होती है। इस अहंकार की धुंध में सच नहीं सूझता और हम अपनी रूढ़ियों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं होते। उसी रूढ़ि की वजह से हम नहीं समझ पाते कि हमारा विस्तार परिवार और परिवारजन्य संस्थाओं और मान्यताओं तक ही सीमित नहीं है। मूल बात सम्बन्धों से नहीं तय होते बल्कि मूल बात तय होते हैं सत्य के प्रति हमारे आग्रह से। रक्त सम्बन्ध से सत्य तय नही होते, मित्रता और सम्मान के सम्बन्धों से सत्य नहीं तय होते। सत्य तो शाश्वत है, ये हमपर निर्भर करता है कि हम किधर जाना तय करते हैं। एक बलात्कारी सम्बन्धी का समान आवश्यक है या पीड़िता के पक्ष में खड़ा सत्य है ये हमें तय करना होता है। हमारे इसी निर्णय से तय होता है कि समाज में भविष्य में शांति होगी या अशांति, अनाचार फैलेगा या सदाचार। यदि हम भ्रम और अहंकार से निकल कर अपने को सदाचार, सत्य, , न्याय के प्रति समर्पित करेंगे तो हो सकता है कि हमें उन लोगों के खिलाफ भी खड़ा होना हो जो हमारे प्रिये तो हैं लेकिन असत्य और अन्याय अनाचार के साथ खड़े हैं। ये तय करने की जबाबदेही हमारी है कि हम व्यक्ति और व्यक्तिगत सम्बन्धों को ज्यादा महत्व देंगे या फिर उस  सत्य को जिससे समाज में न्याय की स्थापना होने में मदद मिलेगी। ये तय तभी कर पाते हैं जब हम भ्रम से बाहर निकल कर निर्णय लेते हैं। परिवार हो , मित्रमण्डली हो, सामाजिक या व्यवसायिक रिश्ते हों हर जगह दो पक्ष मिलते है। अब उन परिस्थितियों में ये तय करना हमारी जबाबदेही है कि हम किस पक्ष में जाते हैं। यदि क्षुद्र स्वार्थ वश हम गलत का साथ देते हैं तो अंततः स्वयम भी उसी गलत के शिकार हो जाते हैं। यदि सही का साथ देते हैं तो कुछ देर के विप्लव के पश्चात हम भी उस सामाजिक उन्नति का लाभ लेते हैं जो हमारे सत्य का साथ देने से उतपन्न होती है। लेकिन पहले भ्रम और भ्रम जनित अहंकार से तो खुद को निकालें, माया , मोह के मकड़जाल को तो तोड़ें।
    
   
           

Popular posts from this blog

SHRIMADBHAGAVAD GEETA CHAPTER 2 SHLOKA 47

गीता अध्याय 2 श्लोक 47 ----------------------------------- कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन।  मा कर्मफलहेतुर्भुर्मा ते संगोऽस्त्वकर्मणि॥ तेरा कर्म करने में ही अधिकार है, उसके फलों में कभी नहीं। इसलिए तू कर्मों के फल हेतु मत हो तथा तेरी कर्म न करने में भी आसक्ति न हो  ॥47॥ कर्मपथ की सावधानियों और विशेषताओं को बताते हुए श्रीकृष्ण इस पथ के सम्बंध में समझाये हैं कि अन्तिम लक्ष्य तो साँख्य बुद्धि को प्राप्त करना है लेकिन उस तक पहुंचने का मार्ग योग है, कर्मपथ है। इस पथ को ध्यान पूर्वक समझना और उसका अभ्यास करना बहुत जरूरी है तभी हम साँख्य और उसके पश्चात परमब्रह्म को प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त कोई और रास्ता नहीं है जो हमारेके कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर सके।        श्रीकृष्ण समझते हुए कहते हैं कि कर्म ही वो मार्ग है जिसपर हम चलकर के परम नैष्कर्म्य की स्थिति तक पहुँच सकते हैं लेकिन जब हम कर्म करते हैं तो उस कर्म की विशेषता और सावधानियों को समझना अनिवार्य है अन्यथा हम कर्मपथ से भटक जाते हैं।       ये विशेषताएँ और सावधानियाँ निम्नवत हैं----- 1....
 Politics is not all about confrontation. It's not a game to demean opponanents. History of politics tells us it was developed by society to find a common place for different warning factions of population. In this course idea of  state, sovereign power, government  etc emerged and orderly society was expected. So politics has as many branches as one can think, but interestingly those involved in politics dont understand the significance of it all the time. The very crux of the politics from the very inception of this concept is negotiation. If u avoid meaningful negotiation based on the innovation u r not doing politics, rather u r bullying society's moral . If u are government u r destined to win ur people by ur ideas and not by ur number. Such a task is not politics, its just militarization. The same erroneous decision was taken by the Kauravas, by the Nazis, by the Europeans in 18th-19th cent and by our own present govt. The only difference is that our present govt is...

13.आत्मविजय अभियान-पाठ 13-हम दुखी क्यों हो जाते हैं?

13.आत्मविजय अभियान-पाठ 13-हम दुखी क्यों हो जाते हैं? हम जीवन में बहुत सारी घट चुकी घटनाओं, घट रही घटनाओं और घटित होने वाली घटनाओं की आशंका से खुश और दुख अनुभव कर कर के तनाव लेते रहते हैं। संसार की समस्त घटनाओं को कई अलग अलग तरह से समझा जा सकता है। अपने जीवन में घट रही विभिन्न घटनाओं को समझने का एक तरीका ये होता है कि हम उनको दो वृहत श्रेणियों में बाँट देते हैं, सृजन और विनाश और जिनपर विलाप करते हैं उनको विनाश की श्रेणी में  रखते हैं और जिनपर प्रसन्नता अनुभव करते हैं उनको सृजन  की श्रेणी में रखते हैं।           इस तथ्य को समझने के लिए हम महाभारत  के युद्ध का प्रसंग ले सकते हैं। युद्ध के मैदान में जब कौरव और पांडव पक्षों की सेनाएं आमने सामने आती हैं तो अर्जुन जो अबतक अपने जीवन सभी युद्धों में विजयी रहा है अचानक युद्ध का विरोधी हो जाता है जिसपर श्रीकृष्ण उसे झिड़की भी देते हैं। अब सवाल उठता है कि श्रीकृष्ण ऐसा क्यों कह रहें हैं। अर्जुन तो युद्ध का, मार काट का विरोध ही न कर रहा है, वह तो युद्ध के पश्चात समाज में फैलने वाली परिस्थिति  की ही न ...