गीता अध्याय 2 श्लोक 26,27,28
------------------------------------
अथ चैनं नित्यजातं नित्यं वा मन्यसे मृतम्।
तथापि त्वं महाबाहो नैवं शोचितुमर्हसि॥
किन्तु यदि तू इस आत्मा को सदा जन्मने वाला तथा सदा मरने वाला मानता हो, तो भी हे महाबाहो! तू इस प्रकार शोक करने योग्य नहीं है
॥26॥
जातस्त हि ध्रुवो मृत्युर्ध्रुवं जन्म मृतस्य च।
तस्मादपरिहार्येऽर्थे न त्वं शोचितुमर्हसि॥
क्योंकि इस मान्यता के अनुसार जन्मे हुए की मृत्यु निश्चित है और मरे हुए का जन्म निश्चित है। इससे भी इस बिना उपाय वाले विषय में तू शोक करने योग्य नहीं है
॥27॥
अव्यक्तादीनि भूतानि व्यक्तमध्यानि भारत।
अव्यक्तनिधनान्येव तत्र का परिदेवना॥
हे अर्जुन! सम्पूर्ण प्राणी जन्म से पहले अप्रकट थे और मरने के बाद भी अप्रकट हो जाने वाले हैं, केवल बीच में ही प्रकट हैं, फिर ऐसी स्थिति में क्या शोक करना है?
॥28॥
जीवन मूल्यों को देखने का दो दृष्टिकोण होता है। एक आध्यात्मिक जिसे हम अभी तक देखते आये हैं और दूसरा भौतिक। भौतिक दृष्टिकोण से प्रत्येक चीज, प्रत्येक जीवन मात्र पदार्थ(मैटर) और ऊर्जा से बना होता है। इस दृष्टिकोण के अनुसार प्रत्यक्ष जानकारी ही अर्थात जिस जानकारी को हम इन्द्रियों यानी अपने सेंसेज से प्राप्त करते हैं वही अंतिम सत्य है और जो दिखता नहीं है उसकी कोई चर्चा नहीं होती। अतः इस दृष्टिकोण से आत्मा का कोई अस्तित्व नहीं है। भौतिकवादी दृष्टिकोण के अनुसार आत्मा आपका दृश्य स्व है जो सदा मरता और पैदा होता है। जीवन मृत्यु निरन्तर चलता रहता है। जन्म लेने वाले कि मृत्यु निशिचित है। अगर इस दृष्टिकोण को भी सही मान लिया जाए तो भी जिसकी मृत्यु होती है उसके लिए किसी तरह का शोक अवांछनीय है क्योंकि ये तो एकदम स्वाभाविक है क्योंकि इसकी मृत्यु तो निश्चित है।
तत्पश्चात श्रीकृष्ण समझाते हैं कि जब जन्म लेने वाले की मृत्यु निशिचित है और मरने वाले का जन्म भी निश्चित है तो फिर ये परिवर्तन तो अपरिहार्य है, अटल है। जब ऐसा है तो फिर मरने पर शोक क्यों करना।
ध्यान देने की बात है कि आध्यात्म का दृष्टिकोण देह से परे आत्मा की सत्ता को मानता है और मानता है कि एक जन्म के संस्कार संचित होकर सूक्ष्म शरीर के माध्यम से दूसरे जीवन में प्रवेश करता है और इस प्रकार जीव निरन्तर विकास की अवस्था प्राप्त करता अंत में उस स्थिति तक पहुँचता है जँहा वह दृश्य संसार के परे की सत्ता का परिचय प्राप्त कर उसी में विलीन हो जाता है और शरीर की यात्रा का अंत हो जाता है। इस प्रकार अध्यात्म आत्मा से इतर उन सब को जो प्रकृति से हैं को सदा परिवर्तनीय मानता है और एकमात्र आत्मा ही अपरिवर्तनीय होती है सो मृत्यु शरीर का होता है, स्वरूप का होता है आत्मा का नहीं और संस्कार एक जन्म से दूसरे जन्म में स्थानांतरित होते रहते हैं सो स्व का कभी नाश नहीं होता जब तक वह ब्रह्म में विलीन नहीं होता। इस प्रकार जीव की आत्मा कभी मरती नहीं। दूसरी तरफ भौतिकवाद भी जीवन मृत्यु को एक श्रृंखला में मानता है और मानता है कि जो जन्म लिया है उसकी मृत्यु तय है ओर मृत्यु के बाद फिर जीवन का प्रादुर्भाव होता है। इस प्रकार दोनों ही दृष्टिकोण से शरीर की मृत्यु तो अवश्यम्भावी है सो इस विषय पर शोक क्यों करें भला। शोक करने से निश्चित घटना नहीं टलने वाली है। तो फिर शोक करने से शोक बढ़ेगा ही शोक का कारण मृत्यु नहीं टलेगी। इस स्थिति में शोक करना अर्थहीन है।
इसी को और स्पष्ट करते हुए श्रीकृष्ण पुनः समझाते हैं कि जन्म लेने और मृत्यु के पश्चात सभी अव्यक्त होते हैं , दिखते नहीं हैं, उनकी उपस्तिति नहीं होती। सिर्फ जन्म से मृत्यु तक के बीच में ही जीव व्यक्त रहता है, और अपने व्यक्तित्व यानी इगो के अनुसार जीवन जीता है। उस जीव के जन्म लेने के पूर्व भी और मृत्यु के पश्चात भी जीवन चलता रहता है। सभी अलग अलग समय पर जन्म लेते हैं , अलग अलग समय पर मृत्यु को प्राप्त होते हैं, परन्तु समय का प्रवाह उनके जन्म के पूर्व भी रहता है और मृत्यु के बाद भी। जीवन काल का समय इसके अनुपात में अत्यल्प ही होता है और यही स्तय भी है।