गीता अध्याय 2 श्लोक 29 & 30
--------------------------------------------
आश्चर्यवत्पश्यति कश्चिदेन-
माश्चर्यवद्वदति तथैव चान्यः।
आश्चर्यवच्चैनमन्यः श्रृणोति
श्रुत्वाप्येनं वेद न चैव कश्चित्॥
कोई एक महापुरुष ही इस आत्मा को आश्चर्य की भाँति देखता है और वैसे ही दूसरा कोई महापुरुष ही इसके तत्व का आश्चर्य की भाँति वर्णन करता है तथा दूसरा कोई अधिकारी पुरुष ही इसे आश्चर्य की भाँति सुनता है और कोई-कोई तो सुनकर भी इसको नहीं जानता
॥29॥
देही नित्यमवध्योऽयं देहे सर्वस्य भारत।
तस्मात्सर्वाणि भूतानि न त्वं शोचितुमर्हसि॥
हे अर्जुन! यह आत्मा सबके शरीर में सदा ही अवध्य (जिसका वध नहीं किया जा सके) है। इस कारण सम्पूर्ण प्राणियों के लिए तू शोक करने योग्य नहीं है
॥30॥
इस प्रकार अर्जुन के विषाद को दूर करने हेतु श्रीकृष्ण ने उसे परिवर्तन के अपरिवर्तनीय सिद्धान्त, शरीर की नश्वरता और आत्मा/सेल्फ की शिक्षा दिया है और इस शिक्षा को पूरी करने के पश्चात अर्जुन को इस शिक्षा की गूढ़ता के सम्बंध में समझाते हैं कि आत्मा की शिक्षा सभी को नहीं मिल पाती। इसका कारण है कि हममें से अधिकांश लोग चाहे धर्म के रास्ते चलने वाले ही क्यों न हों , आत्मा के अन्वेषण की बिधि नहीं समझ पाते सो इससे दूर ही रहते हैं और जो इस शिक्षा के सम्बंध में सुनते भी हैं वो सांसारिक मोह वश उस ज्ञान को नहीं समझ पाते जो उनके दृश्य इगो के परे होता है। इस कारण से सुनने वाला भी नहीं जान पाता। तब सवाल उठता है कि जानता कौन है। आत्मा यानी अपने सेल्फ जो सभी में समान रूप से एक ही होता है जो मोह को त्यागता है, भ्रम से बाहर निकल पाता है अर्थात जो अवश्यम्भावी परिवर्तन के अपरिवर्तनीय सिद्धान्त को समझ पाता है और ऐसा कोई व्यक्ति विरले ही मिलता है। इस स्तर पर पहुँचने का मार्ग ज्ञानयोग और कर्मयोग है जिसे श्रीकृष्ण आगे समझाते हैं।
अंत में श्रीकृष्ण अर्जुन को स्मरण कराते हैं कि चूँकि सभी जीवों में अनश्वर, अविकारी आत्मा का वास है जो जीव की मृत्यु से अप्रभावित रहती है सो किसी की मृत्यु पर शोक करना व्यर्थ है।
इस प्रकार श्रीकृष्ण अर्जुन के विषाद को दूर करने हेतु आत्मा से सम्बंधित शिक्षा को पूरी करते हैं।